अभी तक प्रधान सचिव या इससे ऊपर के रैंक पर ही मिलता था फ्लैग
विधायकों को अलग पहचान के लिए पहले ही दी जा चुकी है नीले रंग की झंडी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
हिमाचल में विधायकों के बाद अब प्रशासनिक सचिवों को भी विशेष झंडी मिल गई है। राज्य सरकार के सेक्रेटरी अपनी गाड़ी पर इस डिस्टिंक्टिव फ्लैग का इस्तेमाल कर सकेंगे। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद कई सचिवों ने यह फ्लैग लगाना शुरू कर दिया है। इससे पहले प्रधान सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव और मुख्य सचिव ही अपनी गाड़ी पर इस फ्लैग का इस्तेमाल कर रहे थे। वर्तमान में 2004 बैच की प्रियंका बासू इंगटी, सी पालरासु, 2007 बैच की शाइनामोल, राकेश कंवर, 2008 बैच के आशीष सिंघमार, 2010 बैच के सुदेश कुमार मोक्टा, डा. युनुस, चंद्र प्रकाश वर्मा, संदीप कुमार और अमरजीत सिंह सेके्रटरी रैंक में हैं।
सभी अलग अलग विभाग देख रहे हैं। इन सभी को यह विशेष झंडी मिल गई। यह झंडी नीले रंग की है। इससे पहले विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन हिमाचल प्रदेश के सभी विधायकों की गाडिय़ों को विशिष्ट झंडी मिल गई थी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधायकों के वाहनों पर डिस्टिंक्ट फ्लैग (विशिष्ट पहचान झंडी) लगाने की व्यवस्था को मंजूरी दे दी थी। विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी विधायकों को यह झंडी उपलब्ध करवाई जा रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य विधायकों के वाहनों को अलग आधिकारिक पहचान देना है। विधायक इसका इस्तेमाल बाहर के राज्यों में भी कर सकते हैं।