एशियन गेम्स में सोमवार को भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। भारत की झोली में आठ मेडल आए। यशवीर सिंह ने जेवलिन थ्रो में 85.72 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ सिल्वर और रोहित यादव ने 84.35 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज जीता। इससे पहले श्रीशंकर मुरली ने लॉन्ग जंप में 8.07 मीटर की जंप के साथ सिल्वर अपने नाम किया। गुलवीर सिंह ने 1500 मीटर में 3 मिनट 36.72 सेकेंड के समय के साथ सिल्वर जीता। ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में सिल्वर हासिल किया। पारुल चौधरी ने 5000 मीटर में ब्रॉन्ज, वित्या रामराज ने 400 मीटर हर्डल्स में ब्रॉन्ज और पिंकी बल्हारा ने कुराश के -78 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज जीता। इन मेडल के साथ भारत के खाते में अब 45 मेडल हो गए हैं। इनमें 4 गोल्ड, 20 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज शामिल हैं। भारत मेडल टैली में 12वें स्थान पर है। शूटिंग में भारत के 12 मेडल हो गए हैं, जिसमें 1 गोल्ड, 7 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं…
यशवीर को सर्वश्रेष्ठ थ्रो ने दिलाया रजत, रोहित को कांस्य
एशियन गेम्स के पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में भारत को दोहरी सफलता मिली है। भारत ने इस स्पर्धा में रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। भारत को यशवीर सिंह ने 85.72 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत और रोहित यादव ने 84.35 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता।
श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 88.55 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। नीरज चोपड़ा के एशियन गेम्स से बाहर होने के बावजूद भारत इस स्पर्धा में दो पदक जीतने में सफल रहा। पाकिस्तान के अरशद नदीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और वह 80.29 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे।
मुक्केबाजी में छह पदक पक्के
एजेंसियां— आइची नागोया
लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) ने सोमवार को दक्षिण कोरिया की सियोंग सुयोन को क्वार्टर फाइनल में 5-0 से हराकर एशियाई खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में लगातार दूसरा पदक पक्का किया, जबकि प्रिया घंघास भी अंतिम चार में पहुंच गई हैं। टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला खेल रहीं लवलीना ने सियोंग को एकतरफा अंदाज में हराया और देश के लिए एक और मेडल कन्फर्म कर दिया। इसके बाद एशियाई चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता और मौजूदा राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन प्रिया ने पिछडऩे के बाद वापसी करते हुए 60 किलो क्वार्टर फाइनल में सर्वसम्मति से लिए गए फैसले में जीत दर्ज की। लवलीना का सामना अब 70 किलो भार वर्ग में विश्व चैंपियन कजाखस्तान की नताल्या बोगडानोवा से होगा।
लवलीना के अलावा परवीन हुड्डा (65 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और नरेंद्र बरवाल (90 किग्रा से अधिक) भी भारत के लिए पदक पक्का कर चुके हैं। भारत के कपिल पोखत्रया ने पुरुषों के 90 किग्रा क्वार्टर-फ़ाइनल में दक्षिण कोरिया के किम गिचे को सर्वसम्मति से 5-0 से हराकर एशियाई खेलों में भारत और अपने लिए मेडल पक्का कर लिया। सेमीफ़ाइनल में उनका मुक़ाबला उज़्बेकिस्तान के वल्र्ड चैंपियन तुराबेक खबीबुल्लाएव से होगा। कपिल आइची-नागोया में मेडल पक्का करने वाले भारत के छठे बॉक्सर बन गए है।
भारत के इन खिलाडिय़ों ने कूटी चांदी, ईशा ने मेडल पर लगाया निशाना
आइची नागोया। ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में सिल्वर जीता। फाइनल में ईशा और चीन की जियाओ जियारुइक्सुआन के 38-38 प्वॉइंट थे। मुकाबला शूटआउट में गया । इसे जियाओ ने जीता। ईशा ने 580 अंक के साथ फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। मनु भाकर मेडल इवेंट तक नहीं पहुंच सकीं। भारत को शूटिंग में 12वां मेडल मिला है।
एथलीट गुलवीर सिंह ने 10000 मीटर स्पर्धा में सिल्वर मेडल
एथलीट गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर स्पर्धा के फाइनल में 28:29.38 का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता। है। 28 वर्षीय गुलवीर उत्तर प्रदेश के अतरौली गांव के रहने वाले हैं। पिछले संस्करण में उन्होंने इसी स्पर्धा में ब्रॉन्ज जीता था।
लंबी कूद स्पर्धा में मुरली श्रीशंकर ने जीता रजत
मुरली श्रीशंकर ने पुरुष लंबी कूद स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया है। श्रीशंकर चौथे प्रयास के दौरान चोटिल हो गए, जिसके बाद उन्होंने अगले दो प्रयास नहीं लिए। हालांकि, दूसरे प्रयास में उन्होंने 8.07 मीटर की छलांग लगाई जिससे वह दूसरे स्थान पर फिनिश करने में सफल रहे। श्रीशंकर के पास स्वर्ण जीतने का मौका था, लेकिन चोटिल होने के कारण वह ऐसा नहीं कर सके। इसके बावजूद उन्होंने भारत को एशियन गेम्स में पदक दिलाया। भारत के एक अन्य एथलीट डेविड सोलोमन पातुराज 7.70 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सातवें स्थान पर रहे।
कुराश में पिंकी को ब्रॉन्ज
भारत की पिंकी बलहारा ने सोमवार को महिला 78 किग्रा से कम भार वर्ग की कुराश स्पर्धा के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की सुमिन मो से 0-5 से हारकर कांस्य पदक अपने नाम किया। । यह एशियन गेम्स में पिंकी का दूसरा पदक है।
पारुल ने 5000 मीटर जीता पदक
पारुल चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीत लिया है। पारुल ने महिला 5000 मीटर दौड़ में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य अपने नाम किया। पारुल 15:14.61 मिनट का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहीं। भारत की एक अन्य धाविका सीमा 15: 35.06 मिनट का समय लेकर छठे स्थान पर रहीं।
हॉकी में भारत की बड़ी जीत
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश को 10-0 से हराया। भारतीय टीम ने इस तरह एशियाड में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। भारत सेमीफाइनल में जगह बना चुका है जहां उसका सामना एक अक्तूबर को पाकिस्तान से होगा। भारत ने तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक 5-0 की बढ़त ली थी, लेकिन आखिरी 15 मिनट में टीम ने पांच और गोल किए।
चार गुणा 400 मीटर टीम फाइनल में
भारत पुरुष चार गुणा 400 मीटर वर्ग के फाइनल में पहुंच गया है। धर्मवीर चौधरी, राजेश रमेश, मनु टीएस और जय कुमार की चौकड़ी ने 3:01.49 मिनट का समय निकाला और अपनी हीट में दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। इस स्पर्धा का फाइनल मंगलवार को खेला जाएगा।
डिस्कस थ्रो में सीमा चौथे स्थान पर
महिला चक्का फेंक में भारत पदक जीतने से चूक गया। भारत की ओर से सीमा और सान्या यादव इसमें चुनौती पेश की, लेकिन दोनों ही पदक नहीं जीत सकीं। सीमा ने 59.88 मीटर का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन ये प्रयास भी पोडियम पर जगह बनाने के लिए काफी नहीं था। सीमा चौथे स्थान पर रहीं। वहीं, सान्या 49.90 मीटर के थ्रो के साथ सबसे नीचे आठवें स्थान पर रहीं।