सर्दियों में प्रदूषण रोकने को वर्र्क फ्रॉम होम पर जोर, पार्किंग फीस होगी दोगुनी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
सर्दियों के दौरान दिल्ली में प्रदूषण रोकने के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने सख्त पाबंदियों का फैसला किया है। सरकार ने पहली नवंबर, 2026 से 31 जनवरी, 2027 तक धूल उड़ाने वाली तोड़-फोड़ और बाहरी सिविल निर्माण गतिविधियों पर रोक लगा दी है। वहीं, 10 दिसंबर 2026 से 20 जनवरी, 2027 तक निर्माण और तोड़-फोड़ की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी। सरकार के आदेश के मुताबिक, पहली नवंबर से दिल्ली में सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम के आदेश दिए गए हैं। सरकारी और प्राइवेट ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या 50 फीसदी कम की जाएगी। पहली नवंबर से 28 फरवरी तक 50 फीसदी कर्मचारी घर से काम करेंगे और 50 फीसदी ऑफिस से काम करेंगे।
दिल्ली सरकार ने कहा कि पहली नवंबर, 2026 से 28 फरवरी, 2027 तक निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए अधिकृत पार्किंग जगहों पर पार्किंग शुल्क दोगुना किया जाएगा। हालांकि, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी डीएमआरसी की ओर से संचालित और मैनेज की जाने वाली पार्किंग इससे बाहर रहेंगी। दिल्ली सरकार ने पहली नवंबर से 28 फरवरी तक दफ्तरों के समय में बदलाव का भी फैसला किया है। एमसीडी के तहत आने वाले दफ्तर सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे तक चलेंगे, जबकि जीएनसीटीडी के तहत आने वाले दफ्तर सुबह 10 बजे से शाम साढ़े छह बजे तक खुलेंगे।