आगरमालवा। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ मां बगलामुखी मंदिर के बाहर पुलिया से शुक्रवार देर रात एक कार नाले में गिर गई। जिसमें आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पुलिया पर बारिश का पानी जमा होने के कारण वाहन पानी के बहाव में बहकर पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जिले के सुसनेर एसडीओपी देवनारायण यादव ने बताया कि इस हादसे में तीन बच्चे, तीन पुरूष और दो महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक आडिशा के निवासी होने की जानकारी मिली है। ये भी श्रृद्धालु उज्जैन से एक चार पहिया वाहन किराये पर लेकर देवीजी के दर्शन, हवन पूजन करने के बाद वापस लौट रहे थे। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।