8 से 13 सितंबर तक बारिश के आसार, हिमाचल-पंजाब समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम

पंचकूला। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में आठ से 13 सितंबर के बीच कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने के आसार हैं, जबकि उत्तराखंड में 10 सितंबर से चार दिनों तक कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के पूर्वाह्न 9.30 बजे जारी ‘मौसम बुलेटिन’ के अनुसार, आठ से 13 सितंबर के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तथा आठ से 12 सितंबर के बीच हिमाचल प्रदेश में भी कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। सात दिनों के बारिश के पूर्वानुमान से पता चलता है कि आठ से 11 सितंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं बारिश होगी और उसके बाद 12 से 14 सितंबर तक छिटपुट बारिश होगी।

पंजाब में इन सात दिनों के दौरान कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। बुलेटिन में इस दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली या पंजाब में भारी बारिश का अनुमान नहीं लगाया गया है। उत्तराखंड में बारिश के ज़्यादा तेज़ होने के आसार हैं। आईएमडी ने 10 से 13 सितंबर के बीच पहाड़ी राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान लगाया है, साथ ही आठ से 13 सितंबर के बीच कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश में आठ से 12 सितंबर के बीच कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने के आसार हैं, और 13 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़कर काफी बड़े इलाके या पूरे राज्य में फैल सकता है। बुलेटिन में राज्य के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है। आईएमडी ने बताया कि मंगलवार सुबह 5.30 बजे उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्सों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, और इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ था।

समुद्र तल पर मानसून ट्रफ़ श्री गंगानगर, रोहतक, मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र, डेहरी, बांकुरा और हल्दिया से होकर गुज़र रही थी और फिर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी की तरफ़ बढ़ रही थी। कश्मीर और उसके आस-पास के इलाकों में समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर च्रकवाती परिसंचरण के रूप में एक पश्चिमी विक्षोभ भी बना हुआ था।

बुलेटिन के अनुसार मध्य और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक स्तरों पर ट्रफ़ के रूप में एक और पश्चिमी विक्षोभ मौजूद था। आईएमडी ने बताया कि सोमवार को हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब था, जबकि इस क्षेत्र में कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक था। पंजाब में भी कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। देश के अन्य हिस्सों के लिहाज से मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तथा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया था।