फरीदकोट। पंजाब में फरीदकोट पुलिस ने सीमा पार से हेरोइन तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 47.3 किलोग्राम हेरोइन, तीन पिस्तौल, तीन मैगजीन, 15 कारतूस और दो वाहन बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों के पंजाब में सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इस संबंध में थाना सदिक में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने तथा इसके आगे और पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि सीमा पार से होने वाली तस्करी और मादक पदार्थों के कारोबार तथा संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।