निजी संवाददाता — अमृतसर
अमृतसर में पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव को घर के पीछे तीन फुट गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। मृतका की पहचान नवनीत कौर के रूप में हुई है। बेटी ने मरने से पहले अपनी मां को फोन पर बताया था कि पिता घर के बाहर गड्ढा खोद रहे हैं। इसके बाद मां का बेटी से संपर्क टूट गया। मृतका की मां सरबजीत कौर के अनुसार उनकी एक बेटी ने करीब आठ महीने पहले भागकर शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर परिवार में अकसर झगड़ा होता था। पति को दूसरी बेटी नवनीत पर भी शक था कि उसका भी किसी के साथ रिलेशन है। पारिवारिक विवाद के चलते वह 25 अगस्त को अपने मायके चली गई थी। महिला ने बताया कि 31 अगस्त को बेटी नवनीत ने उन्हें फोन किया और बताया कि पिता घर के बाहर एक गड्ढा खोद रहे हैं। इसके बाद उससे दोबारा बात नहीं हो सकी। जब पति से पूछा तो उसने अलग-अलग बातें बताईं और कहा कि उसने बेटी को छह महीने के लिए कहीं भेज दिया है। जब बेटी से बात कराने और उसकी आवाज सुनाने के लिए कहा तो भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इसके बाद उसे शक हुआ। बुधवार को वह उस जगह पहुंची, जहां बेटी ने फोन पर गड्ढा खोदे जाने की बात बताई थी। वहां नई मिट्टी दिखाई देने पर शक और गहरा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी से खुदाई करवाई गई, जहां से नवनीत कौर का शव बरामद हुआ। मत्तेवाल थाना के एसएचओ दलजीत सिंह ने बताया कि सरबजीत कौर ने बयान दिया है कि उसकी बेटी को उसके पिता ने एक-दो दिन पहले मारकर गड्ढे में दबा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वारदात के बाद आरोपी पिता फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हत्या के पीछे के असली कारणों का खुलासा गहन जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद होगा।