धोनी IPL में इम्पैक्ट प्लेयर नहीं बनेंगे, सुब्रमण्यम बद्रीनाथ का दावा, विकेटकीपर के तौर पर रहना चाहते हैं

पूर्व टीममेट सुब्रमण्यम बद्रीनाथ का दावा; माही विकेटकीपर के तौर पर रहना चाहते हैं, अगले सीजन में खेलने पर फैसला बाकी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

एमएस धोनी आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर नहीं खेलना चाहते हैं। वह फुलटाइम विकेटकीपर के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल होना चाहते हैं। यह दावा चेन्नई सुपर किंग्स में उनके टीममेट रहे पूर्व बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने किया। उन्होंने यूट्यूब वीडियो में दावा किया कि धोनी ने खुद उनसे यह बात कही कि वह पूरे 20 ओवर मैदान पर रहना चाहते हैं। धोनी 2026 के सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे, लेकिन उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला था। 2027 सीजन में भी वह खेलेंगे या नहीं, इस पर धोनी या टीम की ओर से ऑफिशियल बयान अब तक नहीं आया है। बद्रीनाथ ने यह भी कहा कि धोनी का शरीर लंबे समय तक यह काम नहीं संभाल सकता।

सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग भी इस बारे में कह चुके हैं। बद्रीनाथ ने कहा, धोनी 16वें ओवर के बाद ही बल्लेबाजी करने वाले हैं और विकेटकीपिंग भी करेंगे। जब उनकी भागीदारी इतनी कम है, तो वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलना ही सही होगा। धोनी पिछले कुछ सीजन से फिटनेस से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे हैं। धोनी ने सीएसके को पांच (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) आईपीएल खिताब जिताए हैं। उन्होंने 2024 सीजन से पहले कप्तानी छोड़ दी थी। आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वालों में महेंद्र सिंह धोनी तीसरे नंबर पर हैं। वह अब तक 278 मैच खेल चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार खिताब जिताया है।

आईपीएल में 100 मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान

धोनी आईपीएल में 100 मैच जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा 235 मैचों में कप्तानी की है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 158 मैचों में कप्तानी की है। धोनी ने अपनी कप्तानी में सीएसके को 2023 में आखिरी बार चैंपियन बनाया था। धोनी अपनी कप्तानी में टीम को 136 मैचों में जीत दिला चुके हैं, जबकि 97 में टीम को हार मिली।