जेवलिन थ्रो में डबल धमाका, नौंवे दिन जीते आठ मेडल, यशवीर सिंह ने रजत, रोहित ने जीता कांसा

भाला फेंक में यशवीर सिंह ने रजत; रोहित यादव ने जीता कांसा, वित्या ने तोड़ा पीटी उषा का रिकार्ड

एजेंसियां — नागाओ

भारत ने एशियन गेम्स के नौवें दिन आठ पदकों पर कब्जा किया, जिनमें चार सिल्वर और चार कांस्य पदक शामिल हैं। सोमवार को भारत का सबसे खास प्रदर्शन जेवलिन थ्रो में रहा, जहां सिल्वर और ब्रांज, दोनों मेडल देश की झोली में आए। यशवीर सिंह ने 85.72 मीटर के पर्सनल बेस्ट थ्रो के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं रोहित यादव ने 84.35 मीटर के साथ ब्रांज जीता। सोमवार को सबसे पहले शूटिंग में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में सिल्वर जीता। यह वही इवेंट था, जिसमें मनु भाकर फाइनल तक नहीं पहुंच सकीं थी। इसके बाद श्रीशंकर मुरली ने लॉन्ग जंप में सिल्वर जीता। उन्होंने 8.07 मीटर की छलांग लगाई। पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर रेस में ब्रॉन्ज जीता। यहां मेडल की उम्मीद मानी जा रही दस हजार मीटर रेस में कांस्य जीतने वाली चंबा जिला की सीमा कुमारी छठे स्थान पर रही।

पिंकी बल्हारा ने कुराश के 78 किलोग्राम वर्ग में ब्रांज मेडल अपन नाम किया है। उधर,भारत के गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 1500 मीटर रेस में धमाका करते हुए सिल्वर अपने नाम किया। गुलवीर ने 1500 मीटर रेस तीन मिनट 36.72 सेकेंड में पूरी की। इसी बीच पीटी उषा का 42 साल पुराना नेशनल रिकार्ड तोडक़र वित्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता। वित्या ने रेस 54.75 सेकेंड में पूरी की। इससे पहले राष्ट्रीय रिकार्ड पीटी उषा के नाम था, जिन्होंने 1984 लॉस एंजेलेस ओलंपिक में 55.42 सेकेंड का समय निकाला था। इसके अलावा मुक्केबाजी में भारत के तीन और पदक पक्के हो गए हैं। उधर, भारतीय क्रिकेट टीम बारिश के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला रद्द होने के कारण हाई रैंकिंग के चलते सेमीफाइनल में पहुंच गई है। एशियन गेम्स के नौवें दिन आठ मेडल जीतने के बाद भारत मेडल टैली में 12वें स्थान पर है। उसके खाते में अब 45 मेडल हैं, जिनमें चार गोल्ड, 20 सिल्वर और 21 ब्रांज शामिल हैं।