चंडीगढ़। चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना शुरू कर दिया है। मोहाली की तरफ गोल्फ क्लब के पास किसानों ने आईआईएसईआर-जगतपुरा सड़क पर पंडाल लगाकर धरना शुरू किया है। किसानों के मुताबिक, यह धरना मंगलवार से लेकर सात सितंबर तक चलेगा। धरने में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचे हैं। करीब 1,000 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पहुंचने से बॉर्डर और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है। स्थिति को देखते हुए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस ने यातायात परामर्श जारी किया है। बॉर्डर पर पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग की गई है।
चंडीगढ़ पुलिस ने एक तरफ बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। इसके कारण दोनों तरफ का ट्रैफिक सड़क की एक ही साइड से संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। किसानों की प्रमुख मांगों में पंजाब को पानी की रॉयल्टी देना, अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते को रद्द करना तथा किसानों के कर्ज माफ करना शामिल है। किसानों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।