भक्तों को रैंप और लिफ्ट की भी मिलेगी सुविधा
कोलांवाला टोबा से पोड़ का परौंण तक हाइमास्ट लाइट स्थापित
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
उत्तरी भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में मां के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आगामी भविष्य में कपाली कुंड से लंगर भवन तक पहुंचना आसान होगा। इसके लिए मंदिर न्यास की ओर से कपाली कुंड से लेकर लंगर तक फ्लाइओवर का निर्माण करवाया जाएगा। इस फ्लाइओवर के निर्माण के लिए एक करोड़ 20 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसका लाभ नयनादेवी में आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा। मंदिर न्यास की ओर नयनादेवी आने वाले श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं, जल्द ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रैंप और लिफ्ट की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। रैंप और लिफ्ट की सुविधा का लाभ दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा। मंदिर न्यास की मानें तो दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों को सुगम दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गुफा पार्किंग से मुख्य मंदिर तक एंड-टू-एंड सुगम दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए रैंप व लिफ्ट की व्यवस्था विकसित की जा रही है, ताकि उन्हें माता के दर्शन करने में असुविधा का सामना न करना पड़े। बता दें कि मंदिर न्यास द्वारा 31 मार्च, 2027 तक श्री नयनादेवी जी मंदिर परिसर में पूर्णत: सुलभ एवं बाधारहित व्यवस्था प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने को लेकर मंदिर न्यास द्वारा अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं।
तीन करोड़ होंगे खर्च
मंदिर न्यास की मानें तो 28 अप्रैल, 2025 से 27 अगस्त, 2026 तक की अवधि में लगभग तीन करोड़ रुपए के विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें से अधिकतर कार्यों को पूर्ण कर लिया है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं।
मंदिर में श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि श्री नयनादेवी जी में श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इसके लिए विभिन्न कार्य जारी हैं। फ्लाइओवर का निर्माण के अलावा रैंप और लिफ्ट की सुविधा भी पात्र लोगों को मिलेगी। नयनादेवी आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।