हनोगी टनल से मिलेगी पंडोह के जाम से राहत, जल्द शुरू होगी वाहनों की आवाजाही

मंडी: NHAI के मेंबर (प्रोजेक्ट्स) विपनेश शर्मा ने कीरतपुर – मनाली कॉरिडोर के तहत चल रहे पंडोह-टकोली प्रोजेक्ट में बनने जा रही हनोगी टनल का निरीक्षण किया। पंडोह बायपास इस कॉरिडोर के सबसे महत्वपूर्ण बायपास में से एक है। आने वाले दिनों में ट्रायल के बाद टनल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। टनल के तैयार होने से लोगों को पंडोह क्षेत्र में लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी और साथ ही यात्रा दूरी में भी कमी आएगी।

पंडोह- टकोली प्रोजेक्ट में 5 ट्विन ट्यूब टनल बनाई जा रही हैं, जिनमें दयोड़ से हणोगी तक बनाई गई 2 टनल प्रोजेक्ट का प्रवेश द्वार हैं। मौजूदा समय में दोनों ट्विन ट्यूब टनल के एकतरफा हिस्से को यातायात के लिए खोला जाएगा, इनमें एक टनल की लंबाई 2.8 किमी और दूसरी टनल की लंबाई 650 मीटर है। खोतीनाला के पास इन दोनों टनलों को आपस में जोड़ने के लिए 45 मीटर उंचा और 140 मीटर लंबा पुल बनाया गया है।

NHAI के मेंबर(प्रोजेक्ट्स) श्री विपनेश शर्मा ने बताया कि सामरिक दृष्टि से यह प्रोजेक्ट महत्वपूर्ण है। टनल का जायजा लेने के बाद कुछ सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले चार दिनों में इन सुरक्षा मानकों को पूरा करके यातायात का ट्रायल किया जाएगा और उसके बाद इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि NHAI की टीम ने रात दिन काम करने के बाद टनल का कार्य पूरा किया है। उन्होंने इस बेहतरीन कार्य के लिए NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल अजय सिंह बरगोती, PIU मंडी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी, NHAI की पूरी टीम, शापुरजी-पलौनजी, एफकॉन्स, गावर कंस्ट्रक्शन और भारत कंस्ट्रक्शन की सराहना की।