पंजाब में स्वास्थ्य क्रांति विज्ञापनों तक ही सीमित, रवनीत बिट्टू ने कैशलेस इलाज पर आप पर साधा निशाना

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कैशलेस इलाज पर आप पर साधा निशाना

स्टाफ रिपोर्टर- मोहाली

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आज मोहाली में पंजाब सरकार की तथा कथित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य गारंटी योजना पर तीखा हमला करते हुए और इस स्वास्थ्य क्रांति का असली सच पंजाबियों को बड़े अस्पतालों में जाकर दिखाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने करोड़ों रुपए के विज्ञापनों के जरिए पंजाबियों को झूठे सपने बेचे हैं। उन्होंने कहा कि टीवी पर चमकते विज्ञापन और अखबारों के पहले पन्ने पर छपे दावे जमीन पर पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। यह स्वास्थ्य क्रांति नहीं बल्कि स्वास्थ्य के नाम पर सबसे बड़ा भ्रम है जो पंजाबियों में दिल्ली के ठग फैला रहे हैं जिसका उन्होंने आज भंडाफोड़ किया है। बिट्टू आज लुधियाना से कई गंभीर मरीजों को अपने साथ लेकर मोहाली के फोर्टिस और मैक्स अस्पताल पहुंचे।

इन सभी मरीजों के पास पंजाब सरकार द्वारा जारी किए गए स्वास्थ्य बीमा कार्ड मौजूद थे। पर दोनों बड़े अस्पतालों के प्रबंधन ने कैशलेस इलाज से साफ इनकार कर दिया और कहा कि इस योजना के तहत इलाज संभव नहीं है। मरीजों से कहा गया कि पहले नकद पैसा जमा करवाओ, फिर इलाज होगा। बिट्टू ने कहा कि जब अस्पताल ही कार्ड को कागज का टुकड़ा समझ रहे हैं तो फिर 10 लाख रुपए के मुफ्त इलाज के दावों का क्या मतलब रह जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने देश भर में प्रचार किया कि पंजाब के हर परिवार को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। सरकारी आंकड़ों में 900 से ज्यादा अस्पताल सूचीबद्ध बताए जाते हैं और 2356 इलाज पैकेजों का दावा किया जाता है। पर सच यह है कि सरकार ने अस्पतालों के करोड़ों रुपए के बकाए रोके हुए हैं, जिस कारण बड़े प्राइवेट अस्पताल इस योजना से पीछे हट रहे हैं।