एजेंसियां— बंगलुरु
तिलक वर्मा की अगवाई वाली साउथ जोन की दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन से टक्कर होगी। साउथ जोन और ईस्ट जोन के बीच 55 साल के बाद दलीप ट्रॉफी फाइनल खेला जाएगा, जो छह से 10 सितंबर तक चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। साउथ जोन के कप्तान तिलक यह फाइनल नहीं छोडऩा चाहते हैं। उनकी नजर दलीप ट्रॉफी फाइनल के साथ अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी-20 मैच खेलने पर भी है। भारत को 13 से 17 सितंबर तक नई दिल्ली में अफगानिस्तान से तीन मैचों की टी-20 सीरीज में भिडऩा है।
भारतीय टी-20 टीम के उपकप्तान तिलक ने कहा, मैं दलीप ट्रॉफी फाइनल खेलना चाहता हूं। मुझे लगता है कि अफगानिस्तान के खिलाफ मैच 13 सितंबर को है, इसलिए मैं फाइनल खेलने के लिए तैयार हूं। फाइनल और पहले टी-20 के बीच हमारे पास दो दिन का ब्रेक है। ऐसे में अगर मैं 11 तारीख को रिपोर्ट करता हूं, 12 तारीख को प्रैक्टिस करता हूं, तो फिर मैच में उतर सकता हूं। मुझे ऐसा लगता है।