दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमरीका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौता (बीटीए) पर भारत की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि इस डील को अंतिम रूप तभी दिया जाएगा, जब अमरीका भारत को उसके प्रतिस्पर्धी देशों (जैसे वियतनाम, बांग्लादेश, चीन आदि) की तुलना में बेहतर और रियायती टैरिफ का लाभ देगा। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से जुड़े एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जैसे ही अमरीका हमारे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में हमें तरजीही दर देने में सक्षम होगा, हम बीटीए को अंतिम रूप देंगे और इसका अंतिम ब्योरा घोषित करेंगे। केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का बयान ऐसे समय में आया है, जब उनके अमरीका दौरे पर जाने की खबर सामने आ रही है।
भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को कहा था कि पीयूष गोयल इस महीने के अंत में अमरीका की यात्रा करेंगे, जहां वह जी 20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच जारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते की वार्ता पर चर्चा करेंगे। सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमरीका अपने व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं और वार्ता में महत्त्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा था कि दोनों सरकारें ऐसे व्यापारिक संबंध बनाने की दिशा में काम कर रही हैं, जो निष्पक्ष, पारस्परिक और दोनों देशों के लिए लाभकारी हों।