वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
मानसून सत्र के नौवें दिन सदन के भीतर जाने से पहले भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर में बुधवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारे लगाएं। लॉटरी और रोजगार समेत अन्य मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन हुआ। इस दौरान भाजपा विधायक दल ने सरकार से प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने की मांग प्रमुखता के साथ उठाई। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश में लॉटरी शुरू करने के फैसले पर कहा कि इसका पूरे प्रदेश में विरोध हो रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार आय बढ़ाने के नाम पर प्रदेश में लॉटरी जैसी बुराई को विधिक मान्यता दे रहे हैं। पहले भी प्रदेश में लॉटरी होती थी लेकिन पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा उसे बंद किया गया।
यह स्थिति इसलिए आई क्योंकि परिवार के परिवार तबाह हो रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आय बढ़ाने के नाम पर इस तरीके की बुराई का सरकार द्वारा महिमा मंडन करना दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को जुआ और लॉटरी के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता है। लोगों को नौकरी चाहिए, स्वरोजगार के अवसर चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य से व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सरकार चलाने वाले रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने में पूरी तरीके से नाकाम साबित हुए हैं।
आरोप जड़ा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार के समय 37000 से ज्यादा लोगों को सहारा पेंशन मिलती थी। सरकार ने 90 प्रतिशत से ज्यादा लोगों को पेंशन के लिए अपात्र घोषित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आए दिन हमें ऐसे लोग मिलते है, जो बताते है कि उनकी पेंशन रोकने के लिए सरकार ने मृत घोषित कर दिया है।