राम मंदिर के पहले सीईओ बने जीतेंद्र मिश्रा, पूर्व एयर मार्शल को बड़ी जिम्मेदारी, गोविंद देव गिरि नए महासचिव

पूर्व एयर मार्शल को बड़ी जिम्मेदारी, विवादों में आए चंपत राय की जगह गोविंद देव गिरि नए महासचिव

एजेंसियां — अयोध्या

पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) होंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को इसका ऐलान किया। मिश्रा ने ऑपरेशन सिंदूर में पश्चिमी वायु कमान को लीड किया था और एयरफोर्स में 39 साल काम किया। उधर, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को चंपत राय की जगह नया महासचिव बनाया गया है। बैठक में ट्रस्टी बनाए गए महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष का चार्ज दिया गया। नए सीईओ और कोषाध्यक्ष महासचिव गोविंद देव गिरि को ही रिपोर्ट करेंगे।

ट्रस्ट में दिल्ली के महेश भागचंदका समेत तीन नए सदस्य भी बनाए गए हैं। इनमें अयोध्या के एडवोकेट मदन मोहन पांडेय और आरएसएस समर्थक शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं। निर्मला यादव ट्रस्ट की पहली महिला ट्रस्टी होंगी। यह बदलाव मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामला सामने आने के तीन महीने के बाद हुआ। इस मामले में आठ आरोपी जेल में हैं। इसके बाद दो जुलाई को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद रिटायर्ड आईएफएस कुष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव बनाया गया था। वह 58 दिनों तक पद रहे।

कारगिल के हीरो, ऑपरेशन सिंदूर में निभाई बड़ी भूमिका

राम मंदिर जन्मभूमि ट्रस्ट के पहले सीईओ बने एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के बेहद अनुभवी अधिकारी रहे हैं। मिश्रा ने कारगिल युद्ध के दौरान टाइगर हिल्स पर कब्जा जमाने में बड़ी भूमिका निभाई थी और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी कमान को लीड किया था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अहम भूमिका निभाने पर उन्हें साल 2025 के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक मिला था।

राम मंदिर ट्रस्ट के तीन नए सदस्यों का परिचय

मदन मोहन पांडेय

राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में रामलला की ओर से कानूनी पैरवी करने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। इलाहाबाद हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में राम जन्मभूमि से जुड़े पक्ष की दलीलों में उनकी अहम भूमिका रही।

महेश भागचंदका

दिल्ली के कारोबारी और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंघल के रिश्तेदार हैं। वह अशोक सिंघल फाउंडेशन चलाते हैं और ‘अशोक सिंघल-हिंदुत्व के पुरोधा’ और ‘श्री राम मंदिर काव्य यात्रा’ जैसी किताबें लिख चुके हैं।

निर्मला यादव

मूल रूप से एटा की रहने वाली निर्मला यादव पहली महिला ट्रस्टी हैं। उनके पति हरेंद्र सिंह यादव भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं। निर्मला यादव फिरोजाबाद के महात्मा गांधी महाविद्यालय में प्राचार्य के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं।