मनाली के होटल में 6 दिन तक 14 वर्षीय बच्ची का यौन शोषण, भुंतर मंदिर के पास मिली मासूम

जिला संवाददाता—कुल्लू

कुल्लू पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग के लापता होने के मामले में कार्रवाई करते हुए उसे भुंतर मंदिर के समीप से बरामद किया है। मामले में महिला पुलिस थाना कुल्लू में एक युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग के पिता की शिकायत पर महिला पुलिस थाना कुल्लू में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में बताया गया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 26 अगस्त से घर से लापता थी। पुलिस ने तलाश के दौरान उसे भुंतर मंदिर के समीप से बरामद किया।

पुलिस को दिए बयान के अनुसार नाबालिग ने अपने पिता को बताया कि मनाली निवासी एक युवक उसे एक होटल में ले गया था, जहां वह कथित तौर पर करीब छह दिन तक रही। आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसके साथ यौन अपराध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 65 (1) बीएनएस तथा धारा 6 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाबालिग का चिकित्सीय परीक्षण क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में करवाया जा रहा है। पुलिस द्वारा पीडि़ता के बयान सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की पुष्टि एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने की है।