बनखंडी में जल्द दहाड़ेंगे शेर-चीते, इंटरनेशनल जूलॉजिकल पार्क के प्रथम चरण का 90 फीसदी काम पूरा

स्टाफ रिपोर्टर — हमीरपुर

कांगड़ा के बनखंडी में करोड़ों रुपए की लागत से नॉर्थ इंडिया के पहले इंटरनेशनल जूलॉजिकल पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके पहले चरण का काम करीब 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। इस पार्क के निर्माण के उपरांत देश विदेश के लाखों वन्य प्रेमी हर साल यहां करीब से अलग-अलग प्रजातियों के वन्यजीवों को करीब से देख सकेंगे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कई प्रजाति के जानवर इस चिडिय़ाघर में लाए जाएंगे। इस इंटरनेशनल जूलॉजिकल पार्क का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में इस पार्क में हॉस्पिटल रेस्क्यू सेंटर कोरनटाइन सेंटर डायग्नोस्टिक सेंटर एक्वेरियम पार्किंग एंट्री प्लाजा का काम लगभग 90 फीसदी पूरा हो गया है, और बाकी बचा कम 1 से 2 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।

पार्क में 70 खुले और बड़े साइज के पिंजरे बनाए जा रहे हैं, जिसमें शेर, चीता, मगरमच्छ और दूसरी के प्रजातियों के जानवर रखे जाएंगे। वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ रेजिनॉल्ड रायस्टन ने बताया कि वनखंडी में चिडिय़ाघर का निर्माण किया जा रहा है। करीब 90 फीसदी का कार्य पूरा हो चुका है तथा आगामी प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। वाइल्ड लाइफ सप्ताह अक्तूबर में मनाया जाएगा। इसके लिए डॉक्यूमेंट्री बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

डॉक्यूमेंट्री बनाओ हजारों के इनाम पाओ

वन्य प्राणी विभाग अक्तूबर में वाइल्ड लाइफ सप्ताह मनाने जा रहा है। पहली सितंबर से ही डॉक्यूमेंट्री बनाने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। वाइल्ड लाइफ वीक में कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सबसे बेहतर डॉक्यूमेंट्री को 20 हजार का इनाम दिया जाएगा।