250 एमबीबीएस छात्रों को स्कॉलरशिप देगी मैक्स हैल्थकेयर, चार अक्तूबर तक आवेदन करें नीट पास छात्र

चार अक्तूबर तक आवेदन करें नीट पास छात्र, पहले 100 छात्र पाते थे लाभ

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

मैक्स हैल्थकेयर फाउंडेशन ने गुरुवार को अपने प्रमुख कार्यक्रम मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप प्रोग्राम के चौथे संस्करण की शुरुआत की घोषणा की, जिसके तहत इस वर्ष वार्षिक इनटेक को बढ़ाकर 250 नए छात्रों तक किया जाएगा, जबकि पिछले वर्षों में यह संख्या 100 छात्र थी। इस विस्तार से कार्यक्रम की पहुंच में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के अधिक मेधावी छात्रों को मेडिकल शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इस स्कॉलरशिप के तहत इस वर्ष उन 250 नए छात्रों की मेडिकल शिक्षा का पूरा खर्च उठाया जाएगा, जिन्होंने नीट क्वॉलिफाई किया है और शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए सरकारी मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस में दाखिला लिया है।

नए छात्रों के लिए अवसर प्रदान करने के साथ, मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप कार्यक्रम पिछले वर्षों में चुने गए छात्रों की पढ़ाई का खर्च भी जारी रखेगा। ये छात्र अब मेडिकल शिक्षा के दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष में हैं, जिससे उनकी पूरी पढ़ाई के दौरान उन्हें लगातार आर्थिक सहायता मिलती रहेगी। चेयरपर्सन-मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन, तरुणा सोई ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में, मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप प्रोग्राम ने 245 छात्रों की मेडिकल शिक्षा में सहयोग किया है। इस वर्ष, हम इस कार्यक्रम का व्यापक विस्तार कर रहे हैं। इस स्कॉलरशिप के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। इस स्कॉलरशिप के तहत ट्यूशन फीस, एक लैपटॉप, पाठ्यपुस्तकें और बोन सेट, डिसेक्शन किट, स्टेथोस्कोप जैसे उपकरण, हर महीने के खर्च के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी। आवेदन चार अक्तूबर तक स्वीकार किए जाएंगे।