सीबीएसई का शेड्यूल जारी, दस दिसंबर तक मिलेंगे एडमिट कार्ड
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
अगर आप केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी सीटेट 2026 के लिए आवेदन कर चुके हैं और अब इसकी तैयारी में लगे हैं, तो यह खबर आपके लिए हैं। हाल ही में सीबीएसई ने सीटेटी 2026 की परीक्षा के लिए संशोधित तारीखों की घोषणा की थी। सीबीएसई की शेड्यूल के मुताबिक, अब इसकी परीक्षा 12 और 13 दिसंबर, 2026 को आयोजित की जाएगा। पहले यह परीक्षा छह सितंबर को होनी थी, लेकिन बाद में इसे कैंसिल कर दिया गया था। बता दें कि यह सीटीईटी का 22वां संस्करण होगा। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अब नई तारीख के अनुसार अपनी तैयारी करनी होगी। सीटेट के उम्मीदवारों को बता दें कि सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड दो अलग-अलग चीजें होती हैं।
यह परीक्षा के करीब 15 दिन पहले जारी किए जाते हैं। ऐसे में जिन उम्मीदवारों को नहीं पता कि सीटेट 2026 का सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड कब जारी होगा, तो उन्हें बता दें कि करीब 27 या 28 नवंबर, 2026 के आसपास सिटी स्लिप की जानकारी मिलने की उम्मीद है। वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा से दो दिन पहले जारी किया जाएगा। यानी उम्मीदवारों को करीब 10 दिसंबर से एडमिट कार्ड मिलने की संभावना है। सीटेट क्वॉलिफाई करने के बाद उम्मीदवार अलग-अलग केंद्रीय सरकारी स्कूलों में शिक्षक पदों के लिए आवेदन करने के पात्र हो सकते हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसे स्कूल शामिल हैं।
दो इम्तिहान
सीटेट का आयोजन सीबीएसई की ओर से पहल से आठवीं कक्षा तक शिक्षक बनने की पात्रता जांचने के लिए किया जाता है। परीक्षा में दो पेपर होते हैं। पेपर-1 पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए होता है, जबकि पेपर-2 छठी से आठवीं कक्षा तक पढ़ाने के उम्मीदवारों के लिए होता है। उम्मीदवार अपनी पसंद और पात्रता के अनुसार एक या दोनों पेपर दे सकते हैं।