दिशा सालियान केस में नया मोड़, आदित्य ठाकरे ने खारिज किया 500 करोड़ का मानहानि नोटिस

मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने दिवंगत दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान की ओर से भेजे गए 500 करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस को खारिज करते हुए देते सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट वापस लेने, माफी मांगने या मांगी गई क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान करने से भी इनकार किया है। उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता अंशुमान सिन्हा के माध्यम से भेजे गये 25 पृष्ठों के कानूनी जवाब में आदित्य ठाकरे ने आरोपों से इनकार करते हुए नोटिस को कानूनी रूप से आधारहीन बताया। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर को अंग्रेजी और मराठी में किए गये उनके पोस्ट में सतीश सालियान का नाम नहीं लिया गया था और न ही उनकी पहचान बताई गई थी।

आदित्य ठाकरे की कानूनी टीम ने कहा कि ये पोस्ट उस राजनीतिक और मीडिया अभियान के खिलाफ थे, जिसमें ठाकरे के नाम को दिशा सालियान की मौत से लगातार जोड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि पोस्ट सतीश सालियान को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाकर नहीं किए गए थे। आदित्य ठाकरे ने 500 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति की मांग को भी खारिज करते हुए कहा कि नोटिस में न तो किसी तरह की गणना दी गई है, न ही किसी विशिष्ट वित्तीय नुकसान का उल्लेख है और न ही इतनी बड़ी राशि तय करने का कोई आधार बताया गया है। उन्होंने कहा कि वह अपने पहले के रुख पर कायम हैं कि वह कभी दिशा सालियान से न तो मिले थे और न ही उन्हें जानते थे। उन्होंने मामले के पहले के चरणों में दिए गए बयानों और अदालत के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए दावा किया है कि दिशा की मौत की परिस्थितियों को लेकर श्री सालियान के पहले और बाद के रुख में अंतर रहा है।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि चल रही जांच को स्वतंत्र रूप से तथ्यों को सामने लाने का मौका दिया जाना चाहिए और केवल जांच शुरू होने को किसी व्यक्ति के खिलाफ सबूत नहीं माना जाना चाहिए। बंबई उच्च न्यायालय ने इस महीने की शुरुआत में दिशा सालियान की मौत की नए सिरे से केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच का निर्देश दिया था। इसके बाद सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया था कि जांच के दौरान सामने आने वाली सामग्री किसी व्यक्ति के खिलाफ ऐसा निष्कर्ष निकालने का आधार नहीं देती, तब तक उसे आरोपी नहीं माना जाना चाहिए।

यह कानूनी विवाद 17 सितंबर को सतीश सालियान द्वारा ठाकरे के 16 सितंबर के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मानहानि का नोटिस भेजे जाने के बाद शुरू हुआ था। सतीश सालियान ने ठाकरे से माफी मांगने और 500 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की थी। अब आदित्य ठाकरे द्वारा मांग को औपचारिक रूप से खारिज किए जाने के बाद विवाद सोशल मीडिया पोस्ट की सामग्री और इस सवाल पर केंद्रित है कि क्या उनमें सतीश सालियान के लिए मानहानिकारक संदर्भ था। वहीं, दिशा सालियान की मौत की अलग से चल रही सीबीआई जांच जारी है।