नाम-मूंगा देवी, उम्र-90 वर्ष, बेड नंबर-73…पांवटा अस्पताल में बिना ऑक्सीजन 2 घंटे सिसकती रही बुजुर्ग सांसें

धीरज चोपड़ा—पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के सबसे बड़े सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल होने के साथ-साथ स्टाफ की गुंडागर्दी भी चरम पर है। ताजा मामला फीमेल मेडिकल वार्ड 311 का है, जहां तैनात स्टाफ नर्स पर एक मरीज के परिजनों के साथ गाली-गलौज का सनसनीखेज आरोप लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड के बेड नंबर 73 पर गिरिपार क्षेत्र की मूंगा देवी नामक महिला भर्ती है, जिनकी उम्र करीब 90 वर्ष है। बुधवार शाम को जब उनके तीमारदार वार्ड में उनसे मिलने गए, तो वहां ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने उन्हें बेवजह अपमानित करना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो नर्स ने उन्हें धका देकर वार्ड से बाहर निकाल दिया और अनुचित व अभद्र गालियां दी।

पीडि़त परिवार ने बताया कि नर्स ने सरेआम धमकी देते हुए कहा कि तुम लोग मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते, जहां शिकायत करनी है कर लो। परिवार ने इस पूरी घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है, जिसे वह सबूत के तौर पर पेश कर रहे हैं। इस शर्मनाक घटना को देखकर वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों में भारी रोष फैल गया। सभी ने एकजुट होकर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में हंगामा किया और एक सामूहिक लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत करने वालों में राकुर शांग, कुंदन सिंह, संजय, गर्टी, बबली देवी, रेखा देवी, सौरव शर्मा, नरूष, परीक्षा, गुमान सिंह, संजीव कुमार और अमित शर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं। शिकायत पत्र में स्पष्ट लिखा है कि स्टाफ नर्स का व्यवहार शुरू से ही सभी मरीजों के साथ क्रूर और अपमानजनक रहा है।

वह मरीजों को ठीक से इंजेक्शन तक नहीं लगाती और बात-बात पर धमकाती हैं। इसके खिलाफ पहले भी कई बार मौखिक शिकायतें अस्पताल प्रशासन से की गई हैं, लेकिन मिलीभगत के कारण आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। तीमारदारों ने एसएमओ को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर नर्स के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई नहीं की गई और उसका तबादला नहीं किया गया, तो वे सभी सीएमओ सिरमौर, डीसी सिरमौर और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के पास इस वीडियो साक्ष्य के साथ शिकायत लेकर जाएंगे। उधर, अस्पताल के एसएमओ सुधि गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में मामला आया है। उन्होंने कहा कि वह इसकी जांच करेंगे।

क्या थी दिक्कत

सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में सांस लेने में दिक्कत के चलते भर्ती गिरिपार के बाईला-गुजोन गांव की 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला मूंगा देवी को कथित तौर पर करीब दो घंटे तक ऑक्सीजन के बिना रहना पड़ा। ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म होने के बाद परिजनों ने ड्यूटी स्टाफ से कई बार सिलेंडर बदलने का आग्रह किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। थक हारकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत की गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने ऑक्सीजन सिलेंडर बदला। कोडग़ा पंचायत के उपप्रधान सियाराम शर्मा ने भी मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन के सामने शिकायत रखी है।