अफ्रीकी संसद में संबोधित करेंगे पठानिया, 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बुधवार को अफ्रीकी संसद में अपना संबोधन देंगे। इस दौरान वह कानून बनने के बाद समीक्षा और संसद को जनता से जोडऩा विषय पर संबोधन देंगे। सम्मेलन में अन्य प्रमुख वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना तथा हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी संबोधित करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष दक्षिण अफ्रीका संसद में चल रहे 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में हिस्सा लेने केपटाउन पहुंचे है। 17 सितंबर तक यह सम्मेलन चलेगा।

बदलती विश्व व्यवस्था में अंतरराष्ट्रीय कानून और संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करना और राष्ट्रमण्डल नेतृत्व सम्मेलन के प्रमुख विषय तय किए गए हैं। इस पर गहन चर्चा के लिए अलग-अलग कार्यशालाओं का आयोजन किया गया है। उधर,विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के संबंध ऐतिहासिक मित्रता, सांझा लोकतात्रिक मूल्यों, आर्थिक हितों तथा वैश्विक दक्षिण के प्रति समान प्रतिबद्धता पर आधारित एक व्यापक राजनैतिक साझेदारी का स्वरूप ले चुके हैं।