दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
हाल ही जारी सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों को लेकर कांग्रेस सवाल खड़े कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार को समझना होगा कि पीआर से जीडीपी की तस्वीर चमकाई जा सकती है, अर्थव्यवस्था नहीं। बुधवार को केरल कांग्रेस ने बीयर मग की तस्वीर को एक्स पर शेयर करते हुए हालिया जीडीपी ग्रोथ के आंकड़ों को फर्जी कहानी बताया है और सरकार पर दिखावा करने का आरोप लगाया है। केरल कांग्रेस के इस पोस्ट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता भारत की ग्रोथ की आलोचना करने के कारण नशे में हैं। इस बहस ने आर्थिक आंकड़ों को लेकर राजनीतिक लड़ाई को फिर से हवा दे दी है। रिजिजू ने कहा कि क्या कांग्रेस पार्टी ज्यादा बीयर पीने की वजह से गहरे नशे में है या कांग्रेस के लोग भारत की तरक्की से इतनी नफरत करते हैं कि वे जमीनी हकीकत से पूरी तरह कट गए हैं। दरअसल केरल कांग्रेस की ओर से बीयर मग वाली फोटो शेयर की गई थी। जिस पर ऑफिशियल जीडीपी और इंडियन इकोनॉमी लिखा था।
इस फोटो के साथ यह भी लिखा था कि अब उस झूठी कहानी पर कोई यकीन नहीं करता। दुनिया इस धोखे को समझ सकती है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने जीडीपी वृद्धि के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पीआर और आंकड़ों की बाजीगरी से जीडीपी दर की तस्वीर चमकाई जा सकती है, लेकिन इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती है। उन्होंने एक्स पर कहा कि मोदी सरकार अपनी टीम और मीडिया के जरिए आंकड़ों की बाजीगरी से तैयार कथित फर्जी जीडीपी वृद्धि का ढोल पीट रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिलकुल उलट है। उन्होंने पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग के आकलन का हवाला देते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि देश की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर करीब 2.6 प्रतिशत है, न कि 7.8 प्रतिशत नहीं है। रमेश ने कहा कि हम चाहते हैं कि अर्थव्यवस्था सचमुच मजबूत हो, लेकिन मजबूत अर्थव्यवस्था का रास्ता झूठ के आधार पर गढ़े गए आंकड़ों को सजाने से नहीं, सच्चाई स्वीकार करने से निकलता है।