सोलन। सोलन में मां और छह माह की बेटी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने कथित तौर पर पहले अपनी छह माह की बेटी को मौत के घाट उतारा और इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने यह कदम क्यों उठाया।
एसपी सोलन रमेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला द्वारा पहले छह माह की बच्ची की हत्या करने और उसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।