नागोया। कप्तान चामरी अटापट्टू (एक विकेट/नाबाद 83) रन के शानदार प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका की महिला टीम ने रविवार को पाकिस्तान को 13 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से हराकर एशियाई खेलों की महिला क्रिकेट स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान के 177 रनों के जवाब में श्रीलंका की टीम ने 17.5 ओवर में दो विकेट पर 178 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इमेशा दुलानी और चामरी अटापट्टू की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े।
पांचवें ओवर में फातिमा सना ने इमेशा दुलानी 21 गेंदों में (27) रन को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी हसिनी परेरा ने अटापट्टू के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट लिए 95 रन जोड़े। 14वें ओवर में नाश्रा संधू ने 26 गेंदों में (42) रन बनाने वाली हसिनी परेरा को आउटकर पवेलियन भेज दिया। परेरा ने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाये। इसके बाद अटापट्टू ने हर्षिता समाराविक्रमा के साथ तीसरे विकेट लिए अविजित 47 रन जोड़ कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। चामरी अटापट्टू ने 50 गेंदों में सात चौके और छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 83) रनों की मैच विजयी पारी खेली। हर्षिता समाराविक्रमा ने 12 गेंदों में (नाबाद 17) रन बनाए।
इससे पहले आज यहां एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान क शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 35 रन के स्कोर तक अपने दो विकेट गवां दिये। गुल फिरोजा (शून्य) और सायरा जबीन (17) रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी आयशा जफर ने शवाल ज़ुलफिकार के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 115 रनों की साझेदारी हुई।
17वें ओवर में आयशा जफर 40 गेंदों में (71) रन के रनआउट होने पर यह साझेदारी टूटी। 19वें ओवर में शवाल जुलफिकार (54) रन बनाकर आउट हुई। पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 177 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमार , चामरी अटापट्टू और काव्या कविंदी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।