होर्मुज में बारूद से टकराया सुपरटैंकर, विस्फोट के बाद लगी आग; इंजन बंद पड़ा, जहाजों को ईरान की वार्निंग

एजेंसियां— तेल अवीव

होर्मुज स्ट्रेट में एक सुपरटैंकर के दो समुद्री माइंस से टकराने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड यानी आईआरजीसी ने सोमवार को दावा किया कि जहाज ने होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से में उस रास्ते से गुजरने की कोशिश की, जिसे ईरान अनधिकृत और अवैध मानता है। इसी दौरान सुपरटैंकर दो माइंस से टकरा गया और पूरी तरह रुक गया। आईआरजीसी ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाला सुपरटैंकर होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान वह दो समुद्री माइंस से टकराया। टक्कर के बाद जहाज में बड़े स्तर पर आग लग गई और उसे पूरी तरह रोकना पड़ा। हालांकि, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने जहाज का नाम, उसका झंडा, कार्गो या चालक दल की जानकारी नहीं दी है। हादसे में किसी के हताहत होने की भी जानकारी सामने नहीं आई है।

आईआरजीसी ने दूसरे जहाजों को भी चेतावनी दी है। उसने कहा कि जो अन्य जहाज ईरान के बताए नेविगेशन नियमों का उल्लंघन करेंगे, उन्हें भी इसी तरह के अंजाम का सामना करना पड़ सकता है। ईरान ने शिपिंग कंपनियों से अमरीकी सेना के निर्देशों का पालन नहीं करने को भी कहा है। होर्मुज स्ट्रेट में माइंस का खतरा ही अमरीका की हालिया सैन्य कार्रवाई के पीछे भी एक बड़ी वजह रहा है। अमरीका ने ईरान के लारक आईलैंड पर हमला किया था। अमेरिकी सेना के मुताबिक, लारक पर आईआरजीसी के दो लॉन्च सिस्टम को निशाना बनाया गया। अमरीका का दावा था कि ईरानी सेना इन लॉन्च सिस्टम के जरिए होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री माइंस डालने की तैयारी कर रही थी।

अमरीका ने कहा, शिपिंग के लिए होर्मुज खतरनाक

अमरीकी सेंट्रल कमांड ने इस गतिविधि को स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए तत्काल खतरा बताया था। अमरीका का कहना था कि उसने होर्मुज के अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट से पहले मौजूद माइंस को हटाने का काम पूरा किया था और ईरानी सेना दोबारा वहां माइंस डालने की तैयारी कर रही थी। अब एक सुपरटैंकर के दो माइंस से टकराने के ईरानी दावे ने होर्मुज स्ट्रेट में शिपिंग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।