एजेंसियां— लंदन
ब्रिटेन में आरएएफ फेयरफोर्ड एयरबेस के पास आतंकी साजिश के शक में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रविवार सुबह एक महिला ने पुलिस को तीन संदिग्ध वैन के बारे में में जानकारी दी थी। ये वैन एयरबेस की ओर जा रही थीं। सूचना मिलते ही इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। आसपास के गांव के करीब 85 घरों को खाली कराया गया। पुलिस ने संदिग्धों को पहले विस्फोटक से जुड़े अपराधों के शक में गिरफ्तार किया। बाद में उन पर आतंकी हमले की साजिश का भी शक जताया। इंग्लैंड के ग्लॉस्टरशायर में स्थित यह एयरबेस अमरीकी वायुसेना का अहम ठिकाना है। ईरान के खिलाफ जंग के दौरान अमरीकी लड़ाकू और बॉम्बर विमान यहीं से उड़ान भरते थे।
ब्रिटिश काउंटर टेरारिज्म पुलिस ने सुरक्षा और जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए अभी तक इन संदिग्धों के नाम, पहचान या राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि सबूत जुटाए जा रहे हैं और फिलहाल किसी भी तरह की अटकलों से बचना चाहिए। इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब वाशिंगटन से अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सीधा बयान सामने आया। ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अमरीकी और ब्रिटिश खुफिया एजेंसियां मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दे रही थीं। इन संदिग्धों पर अमरीकी सुरक्षा एजेंसियों की लंबे समय से नजर थी। ये लोग एयरबेस या अमरीकी हितों को बहुत बड़ा नुकसान पहुंचाने की फिराक में थे।