टीम इंडिया ने 3-0 से हराया अफगानिस्तान, अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में जड़ा शतक, रोहित का तोड़ा रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में ठोंकी सेंचुरी, रोहित शर्मा का तोड़ा रिकॉर्ड

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— दिल्ली

भारत ने अफगानिस्तान का टी20 सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया। भारत ने गुरुवार को तीसरा और आखिरी टी20 मैच में 127 रन से जीत दर्ज की। भारत ने 222 रन का टारगेट देने के बाद अफगानिस्तान को 14.1 ओवर में 94 रन पर ढेर कर दिया। अभिषेक शर्मा ने तूफानी शतक जड़ा। उन्होंने संजू सैमसन के साथ 142 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। अभिषेक ने 34 गेंदों में 108 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 11 सिक्स हैं। वह दसवें ओवर में राशिद खान का शिकार बने। उन्होंने 30 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रचा। वह टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर टीम की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले प्लेयर बन गए हैं। उनके बाद बैटिंग करने आए तिलक वर्मा (5 गेंदों में 2) रन आउट हो गए।

सैमसन ने 35 गेंदों में 50 रनों का योगदान दिया। उनके बल्ले से दो चौके और चार सिक्स निकले। सैमसन 14वें ओवर में आउट हुए। शिवम दुबे (10 गेंदों में 14), नीतीश कुमार रेड्डी (4 गेंदों में 1) और ईशान किशन (8 गेंदों में 10) का बल्ला नहीं चला। ईशान रन आउट हुए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 20 गेंदों में दो छक्कों के जरिए 20 रन बटोरे। अक्षर पटेल पांच रन बनाकर नाबाद रहे।

अभिषेक का ‘ओम नम: शिवाय’ वाला जश्न

भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी से ज्यादा चर्चा उनके जश्न मनाने के तरीके की हो रही है। सोशल मीडिया पर फैंस कह रहे हैं कि अभिषेक की पारी जितनी आक्रामक और गर्म थी, उनका जश्न उतना ही शांत और कूल था। जैसे ही अभिषेक का शतक पूरा हुआ, वह मैदान पर ही पालथी मारकर बैठ गए और हाथों को जोडक़र ध्यान (योग) की मुद्रा में आ गए। उनका यह ‘ओम नम: शिवाय’ वाला अंदाज अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है। मैदान पर इतनी आक्रामक बल्लेबाजी के बाद ऐसा शांत और भक्ति भाव वाला जश्न देखकर हर कोई हैरान रह गया।