जापान के खिलाफ BCCI जर्सी पहनेगी टीम इंडिया, एशियन गेम्स की किट का ‘विवाद’ सुलझा

आज तडक़े एशियन गेम्स के लिए रवाना होंगे खिलाड़ी, 22 सितंबर को मेजबान से फ्रेंडली मैच

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सदस्यों को एशियाई खेलों के लिए सही साइज की किट का इंतजाम कर दिया है। भारतीय टीम जापान के खिलाफ ऐतिहासिक एकमात्र टी-20 मैच में बीसीसीआई की जर्सी पहनेगी, जबकि एशियन गेम्स के लिए टीम को आधिकारिक एशियन गेम्स किट मिली है। यह जानकारी युवा मामले और खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने शनिवार को दी।

श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली भारतीय टीम रविवार तडक़े राष्ट्रीय राजधानी से रवाना होने वाली है। भारतीय खिलाड़ी 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी मानक पोशाक पहनेंगे। इसके बाद वे 28 सितंबर से शुरू होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए एशियाई खेलों की आधिकारिक पोशाक पहनेंगे। भारतीय टीम जापान के खिलाफ मैच में बीसीसीआई की जर्सी पहनेगी।

बीसीसीआई ने नागोया में खुद किया होटल का इंतजाम

नागोया में दूसरे भारतीय खिलाडिय़ों को रहने की जगह मिलने में हुई देरी को देखते हुए बीसीसीआई ने क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए खुद होटल का इंतजाम किया है।

आईओए के दिए आवास में ठहरी महिला टीम

भारतीय महिला क्रिकेट टीम आईओए की ओर से उपलब्ध कराए गए आवास में रह रही है। एक सूत्र ने कहा, महिला टीम के आवास में कभी कोई समस्या नहीं थी। पुरुष टीम के लिए आयोजकों ने जो कमरे दिए थे, उनमें किट बैग रखने तक की जगह नहीं थी। सूत्र ने बताया कि वहां बड़े होटल ज्यादा नहीं हैं। इसके बावजूद बीसीसीआई ने जापान रवाना होने से कुछ समय पहले अपना इंतजाम कर लिया।