राज्य स्तरीय सीनियर महिला चैंपियनशिप में प्रदेशभर की 28 खिलाड़ी ले रही हिस्सा, आज होगा समापन
नगर संवाददाता-चंबा
हिमाचल प्रदेश राज्य सीनियर महिला शतरंज चैंपियनशिप 2026 का शनिवार को मुख्यालय में विधिवत तरीके से शुभारंभ हुआ। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं चुराह कांग्रेस प्रभारी करतार सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ के अध्यक्ष आशीष ठाकुर भी विशेष तौर से मौजूद रहे। करतार सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अति आवश्यक हैं। उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं को खेलों में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि चंबा में इस प्रकार के राज्य स्तरीय आयोजनों से यहा की प्रतिभाओं को एक बेहतरीन मंच मिल रहा है। राज्य अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में शतरंज के खेल का स्तर लगातार उंचा उठ रहा है। संघ का मुख्य उददेश्य जमीनी स्तर पर खिलाडियों को तराशना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करना है।
डीसीसीए के अध्यक्ष नवजोत जोशी ने सभी अतिथियों और खिलाडियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला चंबा शतरंज एसोसिएशन इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। और खिलाडियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्य आर्बिटर चंदन सहगल ने प्रतियोगिता के नियमों और प्रारूप की जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 28 महिला खिलाडी हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के सभी मैच निष्पक्ष तथा अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ के नियमों के अनुसार कडे अनुशासन में खेले जा रहे हैं। इस मौके पर एचपीएससीए के संयुक्त सचिव सुरेंद्र ठाकुर, कांग्रेस सेवादल के भूपिंद्र शर्मा, निजी बस एसोसिएशन चंबा के अध्यक्ष मनोज कुमार के अलावा डीसीसीए की ओर से चंदन चौणा (उपाध्यक्ष), जितेश शर्मा (एसएनए), तनुज रैना, कमलेश्वर सिंह, जितेंद्र सहगल, भूपेश ठाकुर, अनमोल शर्मा, चेतन वासुदेव, सुम्मोहित जमदग्नि और अमित कुमार भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की 28 महिलाए खिलाडी हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा।