साल के अंत तक 50 हजार नौकरियां देगी सरकार, पौने चार साल में 32 हजार युवाओं को दिया रोजगार

विधानसभा सत्र के समापन पर बोले उद्योग मंत्री, पौने चार साल के कार्यकाल में 32 हजार युवाओं को दिया रोजगार, आगामी दिसंबर माह तक मिलेंगी 18 हजार नौकरियां

कार्यालय संवाददाता-शिमला

विधानसभा के मानसून सत्र के समापन पर संसदीय कार्य मंत्री एवं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रोजगार के मुद्दे पर सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी देना सीधे तौर पर राज्य की आर्थिक स्थिति से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने दिसंबर 2025 तक 32,223 युवाओं को सरकारी रोजगार दिया है और इस साल के अंत तक यह संख्या 50 हजार तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में अभी करीब सवा साल बचा है और अगले साल भी करीब 30 हजार नौकरियां देने का प्रयास किया जाएगा।

उद्योग मंत्री ने बताया कि विभिन्न विभागों में करीब 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया और साक्षात्कार चल रहे हैं। दिसंबर 2025 तक दी गई 32,223 नौकरियों में उच्च न्यायालय, कृषि विभाग, एचआरटीसी, पुलिस और शिक्षा समेत कई विभागों में नियुक्तियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

आपदा और राजनीतिक संकट का भी दिया हवाला

चौहान ने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा में प्रदेश को करीब दस हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। इसके बाद वर्ष 2024 में सरकार को गिराने का प्रयास किया गया। उन्होंने पिछली सरकार पर कर्मचारियों की देनदारियां छोडऩे का आरोप लगाते हुए कहा कि वे सभी देनदारियां वर्तमान सरकार के हिस्से में आई हैं।

सरकार ने पूरा किया वादा

बुटेल ने कहा कि सरकार ने दस गारंटिया दी और इन सब पर काम हुआ है। सबसे जरूरी कदम ओपीएस की गारंटी से शुरू किया गया। रोजगार के मुद्दे पर कहा कि बेहतर शिक्षा मिलनी चाहिए। बेहतर शिक्षा के लिए 147 सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं।

दूध खरीद पर खर्च होंगे 500 करोड़

मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिल्कफेड के माध्यम से भी काम कर रही है। इस वर्ष दूध खरीद पर करीब 500 करोड़ रुपए खर्च करने का लक्ष्य है।

खनन से आय 450 करोड़ पहुंची

मंत्री ने कहा कि खनन क्षेत्र से प्रदेश को मिलने वाली आय बढक़र करीब 450 करोड़ रुपए हो गई है, जबकि पिछली भाजपा सरकार के समय यह करीब 240 करोड़ रुपए थी।

आनी के विधायक ने फीस कम करने की रखी मांग

रोजगार पर चर्चा के दौरान आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि मनरेगा के नाम पर कांग्रेस प्रदेश में भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आउटर्सोस का वर्तमान सरकार मिनीमम वेज भी नहीं दे रही है। युवाओं को रोजगार देने के बजाए सरकार भांग की खेती लेकर आ रही है।

सरकार के आंकड़ों पर विपक्ष का वॉकआउट

सदन में संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन द्वारा पेश किए गए आंकड़ों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए भाजपा ने सदन से वॉकआउट कर दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार उन नौकरियों का जिक्र कर रहे हैं जो सही मायने में है ही नहीं। वहीं हर्षवर्धन ने कहा कि अखबारों में रहने की लिए विपक्ष ने वॉकआउट किया है जिसकी में निंदा करता हूं।

दस दिन का सत्र सार्थक रहा

विधानसभा सत्र के समापन पर चौहान ने कहा कि एक-दो दिन विपक्ष के बहिष्कार को छोडकऱ सदन की कार्यवाही सौहार्दपूर्ण ढंग से चली। मंत्री ने कहा कि विपक्ष के अच्छे सुझावों को सरकार ने स्वीकार किया।