स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर पुल संख्या 57 के आसपास मिट्टी बहने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। रविवार सुबह टकसाल के पास भारी भूमि कटाव के कारण नैरोगेज रेल ट्रैक का एक हिस्सा हवा में लटक गया। स्थिति को देखते हुए कालका-शिमला के बीच चलने वाली कई टॉय ट्रेनों को अब 11 सितंबर तक रद्द कर दिया है। प्रभावित स्थल पर बहाली कार्य में समय लगने के कारण अब रद्दीकरण की अवधि बढ़ाकर 11 सितंबर कर दी गई है। रेलवे की सूचना के अनुसार कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में ट्रेन संख्या 52457, 52453 और 52455 को 11 सितंबर तक रद्द किया गया है।
वहीं ट्रेन संख्या 52451 और 52459 को खराब मौसम के कारण 13 सितंबर तक रद्द रखने की जानकारी दी गई है। इसी तरह शिमला से कालका की ओर जाने वाली ट्रेनों में ट्रेन संख्या 52458, 52454 और 52456 को 11 सितंबर तक रद्द किया गया है, जबकि ट्रेन संख्या 52452 और 52460 भी खराब मौसम के चलते 13 सितंबर तक रद्द रहेंगी।