विक्रमादित्य के विभाग वितरित, अनिरुद्ध और राजेश को मिली ताकत..विदेश दौरे पर हैं मंत्री

कैबिनेट मंत्री की अनुपस्थिति में सरकार ने दो मंत्रियों को दिया अतिरिक्त जिम्मा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – शिमला

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के विदेश दौरे के कारण राज्य सरकार ने दो अन्य मंत्रियों को उनके विभागों का अतिरिक्त कार्यभार दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 19 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार विक्रमादित्य सिंह 20 सितंबर से 28 सितंबर, 2026 तक राज्य से बाहर रहेंगे। आदेश के मुताबिक उनकी अनुपस्थिति के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का कार्य देखेंगे। वहीं, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री शहरी विकास विभाग का कार्यभार संभालेंगे।

दोनों मंत्री विक्रमादित्य सिंह के वापस लौटने तक संबंधित विभागों का काम देखेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह शहरी विकास विभाग के तहत विदेश दौरे पर ब्राज़ील गए हैं। उनके साथ शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा, शहरी विकास विभाग के पूर्व प्रधान सचिव देवेश कुमार, आईएएस अधिकारी सौरभ जस्सल और शहरी विकास विभाग के निदेशक इत्यादि भी गए हैं। दूसरी तरफ, मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत और ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोड नाजिम भी चीन की यात्रा पर रवाना हुए हैं। ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त कार्यभार मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर को दिया गया है।