पार्वती जल विद्युत परियोजना के एडिट-5 से पानी का रिसाव, पालचरा गांव में भारी नुकसान

मोहर सिंह पुजारी, कुल्लू

कुल्लू। NHPC पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण-2 के एडिट-5 से पानी के अत्यधिक रिसाव के कारण पालचरा गांव में भारी नुकसान होने की सूचना है। रिसाव के मटमैले पानी ने गांव के कई घरों और खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के अनुसार, दो मकान पूरी तरह दब गए, जबकि एक मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा दो दुकानों और दो रिहायशी मकानों में भी पानी घुस गया।

हालात बिगड़ने पर गांववासियों ने आपसी समन्वय से रात करीब 11 बजे प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। पालचरा गांव में रह रहे कई परिवारों को रात दूसरे लोगों के घरों में बितानी पड़ी। अचानक पानी घुसने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन और परियोजना प्रबंधन से प्रभावित क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण करवाकर नुकसान का आकलन करने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।