…जब जंगल से शहर तक दौड़ी मादा भालू

प्लास्टिक की कैनी मुंह में फंसने से आफत में आई जान, टीम ने सफल रेस्क्यू कर जंगल छोड़ा
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
पर्यटन नगरी डलहौजी में एक मादा भालू के सिर में प्लास्टिक की घी की कैनी मुंह में फंसने के कारण इधर-उधर भागते हुए आबादी वाले क्षेत्र तक पंहुच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग ने पुलिस, नगर परिषद और वेटरनरी टीम के सहयोग से मादा भालू का सफल रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार मादा भालू डलहौजी बस स्टैंड के समीप दिखाई दी। सिर में प्लास्टिक की कैनी फंसी देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएफओ डलहौजी डा. कुलदीप सिंह जम्वाल, आरओ राहुल ठाकुर सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। भालू को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए एहतियातन बैलून चर्च मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकनी पडी। वन विभाग की टीम ने वेटरनरी टीम के सहयोग से पूरी सावधानी के साथ मादा भालू को ट्रैंक्विलाइज किया।

इसके बाद उसके सिर में फंसी प्लास्टिक की कैनी को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद मादा भालू की स्थिति सामान्य होने पर उसे सुरक्षित प्रान्न्तिक वन क्षेत्र में छोड दिया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस, नगर परिषद और स्थानीय लोगों ने भी वन विभाग की टीम को सहयोग दिया। उधर, डीएफओ डलहौजी डा. कुलदीप सिंह जम्वाल ने कहा कि मादा भालू को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने लोगों और पर्यटकों से जंगलों व आसपास के क्षेत्रों में प्लास्टिक और अन्य कचरा न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंसानों की छोटी-सी लापरवाही बेजुबान वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।