स्टाफ रिपोर्टर — धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की वार्षिक सामान्य बैठक धर्मशाला में हुई। बैठक में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर स्मार्ट स्टेडियम के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया। इसके तहत पूरे स्टेडियम परिसर में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने और ई-टिकट व्यवस्था की तर्ज पर डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करने पर चर्चा हुई। बैठक में पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर, उपाध्यक्ष विजय भंडारी, महासचिव मनुज शर्मा, सह सचिव विशाल शर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश में क्रिकेट को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जिला क्रिकेट संघों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया।
शुरुआती चरण में प्रत्येक जिला संघ को सप्ताह में दो प्रशिक्षण शिविर लगाने और टूर्नामेंट करवाने के लिए एक-एक लाख रुपए की अतिरिक्त राशि देने का प्रावधान किया गया है। इससे युवा खिलाडिय़ों को नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अधिक अवसर मिल सकेंगे। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। महिला खिलाडिय़ों के लिए प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों को बढ़ाने के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर चर्चा हुई। बैठक में आगामी सत्र की खेल गतिविधियों और क्रिकेट आयोजनों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। एचपीसीए के 29 सितंबर के पंजीकरण दिवस के अवसर पर एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संघ के पंजीकरण के 41 वर्ष पूरे होने पर क्रिकेट और खेल गतिविधियों के साथ खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम भी होंगे।