Asian Games 2026: पाकिस्तान ने बांग्लादेश को छह विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह

निशिन। सुफियान मकीम (तीन विकेट) और अराफात मिन्हास (दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद अब्दुल समद (नाबाद 30) और हसन नवाज (नाबाद 27) रनों की शानदार पारियों की बदौलत पाकिस्तान ने गुरुवार को एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता के वर्षा बाधित पहले सेमीफाइनल में बंगलादेश को नौ गेंदें शेष रहते छह विकेट से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई।

112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने 11.3 ओवरों में चार विकेट पर 112 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 16 रन पर अपने दो विकेट गवां दिये थे। इसके बाद उस्मान खान और सैम अयूब की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। चौथे ओवर में मुस्तफिजुर ने सैम अयूब को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। सैम अयूब ने 12 गेंदों में 21 रन बनाये। उस्मान खान (14) रन बनाकर आउट हुये। हसन नवाज ने 22 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 27 ) रन बनाये। वहीं अब्दुल समद ने 15 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए (नाबाद 30) रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।

आज यहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश ने बारिश के कारण निर्धारित किये गये 13ओवरों में 111 रनों का स्कोर बनाया। मो. तौहीद हृदोय ने टीम के लिए सर्वाधिक 42 रनों की पारी खेली। उनके अलावा दहाई अंक में सैफ हसन (19) और मोसद्दक हुसैन (11) रन ही पहुंच सके।