Asian Games: हॉकी के मैदान से भी पाकिस्तान बाहर, सेमीफाइनल में भारत ने 4-3 से दी पटकनी

निशिन (जापान)। एशियन गेम्स में हॉकी के रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। अंतिम डेढ़ मिनट में दोनों टीमें 3-3 गोल के साथ बराबरी पर थीं। मैच में सभी की धडक़नें बढ़ रही थीं। इसी बीच भारत ने आखिरी बचे 45 सेकंड के बीच गोल दागकर मैच अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान भारत और पाकिस्तान के खिलाडिय़ों के बीच मैदान पर तनातनी देखने को मिली। दिलप्रीत की एक खिलाड़ी से बहस हो गई, जिसके बाद दोनों टीमों के कप्तानों ने अपने खिलाडिय़ों को अलग किया।

रेफरी ने दिलप्रीत को ग्रीन कार्ड दिखाया। बहरहाल अंतिम मिनट में भारत ने चौथा गोल दागकर पाकिस्तान को 4-3 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली। गुरुवार को गेम्स के 12वें दिन की शुरुआत भारत के लिए निराशाजनक रही। भारत की चिखिता तनिपार्थी महिलाओं के कंपाउंड इंडिविजुअल इवेंट के क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गईं। वॉलीबॉल में भारत को पाकिस्तान से हार मिली। हालांकि इसके बाद स्क्वैश में ब्रॉन्ज और उसके बाद सेलिंग में सिल्वर मेडल भारत की झोली आ गया। इसी तरह क्रिकेट में भारत ने श्रीलंका को सेमीफाइनल में 124 रनों से हराकर 3 सितंबर को होने वाले गोल्ड मेडल मैच के लिए फाइनल में जगह बनाई, जहां उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा।