352 जेओए आईटी रेगुलर, बिजली बोर्ड और पीडब्ल्यडी मेें दो साल का सेवाकाल पूरा करने पर मिला लाभ

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

राज्य बिजली बोर्ड में अनुबंध आधार पर सेवाएं दे रहे 328 और पीडब्ल्यूडी के 24 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) को नियमित कर दिया गया है। इसके साथ पीडब्ल्यूडी के छह जूनियर ड्राफ्ट्समैन को भी रेगुलर किया गया है। इस संबंध में गुरुवार को आदेश जारी किए गए हैं। नियमित किए गए कर्मचारियों ने 30 सितंबर, 2026 तक दो साल का लगातार सेवाकाल पूरा कर लिया था। कर्मचारियों का नियमितीकरण आदेश जारी होने की तारीख से लागू होगा। जारी आदेश के तहत नियमित किए गए पीडब्ल्यूडी के 24 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) को हिमाचल प्रदेश सिविल सर्विसेज (रिवाइज्ड पे) रूल्स, 2022 के तहत पे लेवल-4 में नियुक्ति दी गई है। वहीं, नियमित किए गए 24 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) को प्रदेश के विभिन्न सर्कल, डिवीजन और विभागीय कार्यालयों में नियुक्तियां भी दे दी है। इसके अलावा बिजली बोर्ड ने संबंधित मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, वरिष्ठ अधिशासी अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को नियमितीकरण आदेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

आदेश में कहा गया है कि अनुबंध कर्मचारियों का नियमितीकरण वरिष्ठता के आधार पर किया जाएगा। हालांकि, नियमितीकरण के समय यह भी देखा जाएगा कि कर्मचारियों की प्रारंभिक नियुक्ति के समय संबंधित पद के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में तय पात्रता और अन्य शर्तें पूरी की गई थीं या नहीं। नियमित होने वाले कर्मचारियों को उनके पद के वेतनमान के न्यूनतम स्तर पर नियुक्त किया जाएगा। यानी कि नियमितीकरण के बाद उनकी नियुक्ति निर्धारित वेतन मैट्रिक्स के शुरुआती स्तर से होगी। नियमित किए गए जेओए (आईटी) की सेवाएं केवल वर्तमान कार्यालय तक सीमित नहीं रहेंगी। आदेश के अनुसार नियमित होने के बाद इन कर्मचारियों को प्रदेश के किसी भी हिस्से में तैनात किया जा सकता है।