सभी इंतजाम पुख्ता; सीसीटीवी से निगरानी, रोजाना होगा भंडारा, अष्टमी पर दुर्गा सप्तशती पाठ की पूर्णाहुति
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
शरद नवरात्रों को लेकर ऐतिहासिक भद्रकाली भलेई भाता मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। नवरात्रों के दौरान हरेक गतिविधि पर नजर रखने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे की तीसरी आंख का पहरा भी बिठाया गया है। इसके साथ ही मंदिर में दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। नवरात्रों के दौरान मंदिर परिसर में रोजाना भंडारे का आयोजन भी होगा। रविवावार को प्रथम नवरात्र के दिन भलेई माता मंदिर में मुख्य पुजारी की देखरेख में दुर्गा सप्तशती का पाठ आरंभ होगा। इसका समापन अष्टमी के दिन पूर्णाहूति के साथ संपन्न होगा। उल्लेखनीय है कि भद्रकाली भलेई माता मंदिर हिमाचल के अलावा पडोसी राज्य पंजाब व जम्मू-कश्मीर के लोगों की आस्था का केंद्र हैं।
नवरात्रों के दौरान इन जगहों से हजारों की तादाद में श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी भरते हैं। नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए मंदिर कमेटी की ओर से तमाम तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान कर दिया गया है। उधर, भलेई माता मंदिर कमेटी के प्रधान कमल ठाकुर ने बताया कि नवरात्रों के दौरान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्रों को लेकर मंदिर की भव्य सज्जा की गई है। बहरहाल, नवरात्रों के दौरान मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरेक तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इधर, शरद नवरात्रों के दौरान जिला के विभिन्न हिस्सों में रामलीला का मंचन भी किया जा रहा है। चंबा शहर के विभिन्न मंदिरों में भी नवरात्रों के दौरान विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। बहरहाल, नवरात्रों को लेकर जिला के तमाम मंदिरों की बेहतरीन सज्जा की गई है।