12 दिन से लापता सुरेश का शव परिजनों को सौंपा

सलूणी के जंगल में मिला था शव, पुलिस ने किया पोस्टमार्टम, जांच जारी
निजी संवाददाता-सलूणी
उपमंडल मुख्यालय के समीप गत रोज जंगल में पेड़ से लटके शव की शिनाख्त कर ली गई है। मृतक की पहचान सुरेश कुमार पुत्र बैंसू राम वासी गांव लमहौता पंचायत खडज़ौता के तौर पर की गई है, जोकि गत 28 सितंबर से लापता चल रहा था। पुलिस ने शनिवार को शव का मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। उल्लेखनीय है कि गत रोज उपमंडल मुख्यालय के समीप चंबा-सलूणी मार्ग पर सडक़ से नीचे जंगल में पेड़ से लटकता एक शव बरामद हुआ था। घटना की सूचना पाते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया था।

मृतक की जेब से अस्पताल की एक पर्ची बरामद हुई थी, जिसमें सुरेश कुमार नाम अंकित था। सूचना पाते ही लापता सुरेश के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उनके मुताबिक सुरेश गत 28 सितंबर को घर से जातर मेले में हिस्सा लेने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने घटना को लेकर बीएनएसएस 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने घटना की पुष्टिी की है। उन्होंने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।