दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़
पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित रिश्वत लेकर तबादले और तैनाती कराने के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच तेज कर दी है। सीबीआई की टीमों ने मंगलवार को चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में आठ ठिकानों पर छापामारी की। इस दौरान टीमों ने लैपटॉप और मोबाइल जब्त किए। चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित मुख्यमंत्री के शिविर कार्यालय में भी सीबीआई की टीम पहुंची और दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा मोहाली के फेज-11 में मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी () राजबीर सिंह घुम्मन के भाई के घर, चंडीगढ़ के सेक्टर-50 तथा संगरूर के गांव घराचों में भी जांच की गई। सीबीआई की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की है। इस कार्रवाई से पहले पंजाब सरकार ने सीबीआई जांच के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
यह पूरा मामला प्रवर्तन निदेशालय की ओर से की जा रही भ्रष्टाचार और धनशोधन संबंधी जांच से जुड़ा हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय ने जुलाई और अगस्त 2026 में पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को पत्र भेजकर कथित भ्रष्टाचार और सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, जांच के दौरान सरकारी अधिकारियों के तबादले और तैनाती, सरकारी ठेकों, नीतिगत फैसलों, लाइसेंस, सरकारी मंजूरियों तथा जमीन के इस्तेमाल में बदलाव को प्रभावित करने के आरोप सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री बोले, भाजपा की चुनावी तैयारी शुरू
सीबीआई की छापामारी को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केंद्र की सत्ताधारी बीजेपी पर निशाना साधा। पंजाबी में किए इस पोस्ट में सीएम मान ने लिखा कि बीजेपी ने पंजाब चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है… मेरे कैंप ऑफिस पर सीबीआई का छापा पड़ा… अब पंजाब सरकार और मुझे बदनाम करने के लिए पंजाब में ईडी और सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया जाएगा… लोगों से मिल रहे प्यार से बीजेपी घबरा गई है।