CBSE ने स्कूलों को फिर से दिलाया याद; LOC जमा करने की डेडलाइन करीब, न करें ये गलती

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 2027 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर स्कूलों को जरूरी अलर्ट भेजा है। बोर्ड ने कहा है कि कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले योग्य छात्रों की सूची यानी लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (एलओसी) तय समय सीमा के भीतर जमा कर दें। इसके लिए सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ एलओसी जमा करने की अंतिम तारीख 21 अक्तूबर है।

ऐसे में स्कूलों के पास सूची जमा करने के लिए अब केवल कुछ ही दिन बचे हैं। साथ ही बोर्ड ने ये भी कहा है कि वे छात्रों की जानकारी भरते समय विशेष सावधानी बरतें। छात्रों की जानकारियां जैसे नाम, जन्मतिथि, पिता का नाम सही होनी चाहिए और उनके विषयों का चयन भी ठीक तरीके से किया जाना चाहिए। सीबीएसई ने कहा है कि परीक्षा शुल्क का भुगतान समय पर करना भी जरूरी है।