हिंदी के 151, फिजिक्स के 68 और शारीरिक शिक्षा के 94 शिक्षकों को नियुक्ति
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश के केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध और संबद्धता के लिए अधिसूचित सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नई नियुक्ति की गई है। प्रदेश सरकार ने तीन विषयों में कुल 313 शिक्षकों को नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। इनमें हिंदी विषय के 151, फिजिक्स के 68 और शारीरिक शिक्षा के 94 शिक्षक शामिल हैं। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार इन शिक्षकों की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश राज चयन आयोग हमीरपुर की सिफारिश और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद की गई है।
शिक्षकों को सीबीएसई स्कूलों में पांच वर्ष की अवधि के लिए अस्थायी आधार पर नियुक्त किया गया है। उन्हें शैक्षणिक वर्ष में 10 महीनों के लिए 30 हजार रुपए प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियुक्तियां सरकार की ‘सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति योजना’ के तहत की गई हैं। नियुक्त शिक्षकों को संबंधित स्कूलों में विषयवार शैक्षणिक कार्य का जिम्मा सौंपा जाएगा।