जमकर नारेबाजी कर एसआईआर रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की उठाई मांग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
सीटू की चंबा जिला इकाई ने शनिवार को वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम काटे जाने के गंभीर आरोपों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर लखदाता मंदिर पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सीटू कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। इस प्रदर्शन की अगुवाई सीटू की जिला महासचिव सुदेश ठाकुर ने की। उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले लोग आज सडक़ों पर उतरने को मजबूर हैं, क्योंकि एसआईआर के नाम पर देश भर में करीब साढ़े 13 करोड़ लोगों के वोट काट दिए गए हैं। उन्होंने इसे जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला और वोट चोरी करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि पहले केंद्र की भाजपा सरकार घुसपैठियों की बात करती थी, लेकिन अब सरकार और चुनाव आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जिन करोड़ों लोगों के वोट काटे गए हैं उनमें से कितने घुसपैठिए हैं। सुदेश ठाकुुर ने आरोप लगाया कि मीडिया खुलासों से सामने आया है कि अन्य चुनाव आयुक्तों द्वारा कई बार आपाि जताए जाने के बावजूद ज्ञानेश कुमार ने उनकी बात नहीं सुनी और अपनी मनमानी चलाई।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की मिलीभगत के बिना इतना बड़ा कदम नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने मांग की है कि चुनाव आयुक्त को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए या सरकार उन्हें पद से बर्खास्त करे। साथ ही एसआईआर प्रक्रिया को फौरन रद्द किया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए जंतर- मंतर पर रोक लगा रही है, मेट्रो स्टेशन और रास्ते बंद कर रही है तथा आंदोलनकारियों को हिरासत में ले रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनता की आवाज और तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले समय में इसके खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने साथ ही आज के प्रदर्शन के लिए आ रहे लोगों को जगह-जगह से गिरद्मतारी और सरकार के तानाशाही तरीके से आंदोलन को कुचलने के तरीके की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि जनता के विरोध की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। इस प्रदर्शन में सीटू के जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार, विपिन शर्मा, एसएफआई से चैन, हसन, प्रेम, भूपेंद्र, इकबाल, नारायण व संजीव कुमार आदि शामिल रहे।