शिमला के पूर्व SSP संजीव गांधी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज

शिमला। राजधानी शिमला में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी के खिलाफ धोखाधड़ी, सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस थाना सदर शिमला में दर्ज एफआईआर के अनुसार पुलिस लाइन कैथू में तैनात एक कांस्टेबल ने आरोप लगाया है कि सरकारी कार्यों के लिए अपनी जेब से खर्च किए गए 1,87,890 रुपए का भुगतान उन्हें नहीं किया गया।

शिकायत के आधार पर वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जिला पुलिस के एक फंड से लगभग दो वर्षों के दौरान 2.35 लाख रुपए की कथित अवैध निकासी के तथ्य सामने आने की बात कही गई है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल पूर्व एसएसपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच होनी बाकी है।