हिमाचल के 14,865 घरों को मुफ्त बिजली, इस योजना के तहत 12,370 परिवारों को 105 करोड़ की सबसिडी

स्टाफ रिपोर्टर-मंडी

हिमाचलियों के घर अब सूरज की रोशनी से रोशन होंगे। यही नहीं बिजली भी मुफ्त होगी। यानी न बिल का झंझट और न ही पैसों का खर्च । हिमाचल प्रदेश के 14,865 घरों को मुफ़्त बिजली मिल रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक 20,529 आवेदन दर्ज किए गए हैं। इनमें से 14,865 घरों में सोलर पैनल लगाने का काम पूरा हो चुका है। वहीं, 12,370 लाभार्थियों को लगभग 105.70 करोड़ रुपए की सबसिडी जारी की जा चुकी है। इन लाभार्थियों के यहां स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों की कुल क्षमता 42524.4 किलोवाट है। प्रदेश में योजना के तहत कुल 69494.331 किलोवाट क्षमता के लिए आवेदन आए हैं, जबकि इंस्टॉलेशन के बाद 50836.439 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। इस योजना का लक्ष्य पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक बिजली का लाभ उपलब्ध कराने में मदद करना है।

यहां लगे, इतने सोलर पैनल


हमीरपुर में 3,435 आवेदन दर्ज किए गए और 2,800 इंस्टॉलेशन पूरे हुए। यहां 2,334 मामलों में 19.99 करोड़ रुपए की सबसिडी दी गई है। मंडी भी योजना में सक्रिय है। यहां 2,626 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके तहत 1,939 इंस्टॉलेशन पूरे किए गए। जिला में 1,640 लाभार्थियों को 14.01 करोड़ की सबसिडी जारी की है। बिलासपुर में 2,123 आवेदनों के बीच 1,390 लाभार्थियों को 11.89 करोड़ मिले, जबकि ऊना में 2,298 आवेदनों के मुकाबले 1,488 मामलों में 12.67 करोड़ की सबसिडी जारी की गई।

कांगड़ा से सबसे ज्यादा आवेदन

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगाने में कांगड़ा सबसे आगे है। यहां 3,781 आवेदन आए, जिनमें 2,828 घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं, 2,402 लाभार्थियों को 20.54 करोड़ रुपए की सबसिडी जारी हुई है।

दूरदराज के जिलों रफ्तार में धीमी

सोलन में 1,665 आवेदन आए और 921 मामलों में सब्सिडी जारी हुई। सिरमौर में 1,470 आवेदनों के मुकाबले 893 लाभार्थियों तथा चंबा में 1,753 आवेदनों के मुकाबले 744 लाभार्थियों को सबसिडी मिली। शिमला में 856 आवेदनों में से 357 मामलों में सबसिडी जारी की गई। कुल्लू में 451 आवेदन आए और 182 मामलों में सबसिडी जारी हुई। किन्नौर में केवल 47 आवेदन दर्ज हुए, जिनमें 18 लाभार्थियों को सबसिडी मिली। लाहुल में 24 आवेदन आए और महज एक मामले में सबसिडी जारी हुई।