सीबीआई में रोजगार, इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आठ अक्तूबर तक यहां कर सकते हैं आवेदन

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) भर्ती 2026 के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार सीबीआई की आधिकारिक वेबसाइट www.cbi.gov.in पर आठ अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सीबीआई ने लखनऊ, जबलपुर, गाजियाबाद और कोयंबटूर में स्थित विशेष न्यायाधीशों की अदालतों के लिए अलग-अलग भर्ती निकाली है। हालांकि, इन सभी पदों के लिए पात्रता, आवेदन शुल्क और आवेदन की शर्तें एक जैसी हैं। उम्मीदवार अपनी पसंद के स्थान के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

ये कर सकते हैं आवेदन: उम्मीदवार के पास एलएलबी की डिग्री होनी चाहिए। बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण होना जरूरी है। सत्र न्यायालयों में आपराधिक मामलों की पैरवी का अनुभव होना चाहिए। उम्मीदवार को भारत सरकार द्वारा तय नियमों और शर्तों पर काम करने के लिए सहमत होना होगा। विशेष लोक अभियोजक पद के लिए आवेदन करने वाले वकील के पास कम से कम 10 वर्ष का अधिवक्ता के रूप में अनुभव होना चाहिए। आवेदन के साथ उम्मीदवार को अपने द्वारा लड़े गए प्रमुख आपराधिक मामलों का विवरण भी देना होगा।

आयुसीमा: इस पद के लिए अलग से कोई निश्चित आयुसीमा नहीं बताई गई है। उम्मीदवार के पास अधिवक्ता के रूप में कम से कम 10 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। साथ ही, आपराधिक मामलों की पैरवी का प्रासंगिक अनुभव भी जरूरी है।

चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों को निर्धारित फॉर्म और जरूरी दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदनों में से चयनित उम्मीदवारों को ही सीबीआई की ओर से बातचीत (इंटरैक्शन) के लिए बुलाया जाएगा। नियुक्ति सीबीआई निदेशक और अटॉर्नी जनरल की मंजूरी के बाद की जाएगी।